लोकसभा टिकट के लिए सीकर में 15 कांग्रेसियों ने ठोकी ताल, ये हैं नाम..
सीकर. सीकर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस में टिकट हासिल करने के लिए दावेदारों की बड़ी सूची सामने आई है। अब तक 15 कांग्रेस नेताओं ने सांसद की टिकट के लिए आवेदन किया है। सोमवार को सुभाष महरिया, राजेन्द्र सिंह झूरिया, कैलाश बोपिया, फूलसिंह ओला, ताराचंद व करण सिंह ने आवेदन किया। जिलाध्यक्ष पीएस जाट ने बताया कि सभी आवेदन फार्मो को मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय भेजा जाएगा। इसके बाद दावेदारों से चुनाव समिति के पदाधिकारी भी रूबरू होंगे। कांग्रेस के इस तरह से नामांकन फार्म लेने के बाद सियासी गलियारों में काफी चर्चा है। रविवार को प्रताप सिंह जाट, दौलतराम गोयल इस्लामुद्दीन गौरी, अनिल बुरडक़, रमेश शर्मा, अभिषेक सैनी, उर्मिला धायल, हरबक्श सिंह चाहर, सुशीला जाखड़ ने आवेदन किया था
पिछली बार महज तीन दावेदार
पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस से महज तीन दावेदारों ने मजबूती से पैरवी की। लेकिन इस चुनाव में कांग्रेस में दावेदारों की संख्या एकदम बढ़ गई है। इसके पीछे मुख्य वजह राज्य में कांग्रेस की सरकार का होना है। पिछले लोकसभा चुनाव के समय राज्य में भाजपा की सरकार थी।
फिर टूटी उम्मीद, नहीं मिला किसी को मौका मंत्रीमंडल में पिछडऩे के बाद शेखावाटी के कांग्रेसी नेता विधानसभा अध्यक्ष की दौड़ में भी पिछड़ गए है। कांग्रेस के दिग्गज नेता दिनभर टकटकी लगाए बैठे रहे। लेकिन दोपहर बाद जैसे ही घोषणा हुई तो उम्मीद टूट गई थी। शेखावाटी के तीन वरिष्ठ विधायकों के नाम भी विधानसभा अध्यक्ष की दौड़ में शामिल थे। खास बात यह है कि यहां के नेताओं को सचेतक व उप सचेतक सहित अन्य कुर्सी भी नहीं दी गई। कांग्रेस ने अभी तक शेखावाटी से दो विधायकों को ही मंत्रीमंडल में शामिल किया है। सीकर जिले से लक्ष्मणगढ़ विधायक गोविन्द सिंह डोटासरा को शिक्षा मंत्री बनाया गया है। वहीं चूरू जिले से मास्टर भंवरलाल मेघवाल को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग का जिम्मा दिया है।
Comments
Post a Comment