पांच दुकानों के ताले तौड़ वारदात को ऐसे दिया अंजाम, घटना सीसीटीवी में कैद
बाड़मेर। शहर में चोरों के हौसले इतने बुलंद है कि सड़कों पर बनी दुकानों को निशाना बनाने से भी नहीं चूकते। बालोतरा में पांच दुकानों के ताले तौड़कर चोर हजारों के माल पर हाथ साफ कर गए। हालांकि चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। लेकिन रात्रि में पुलिस गश्त का भी चोरों में खौफ नजर नहीं आता।
चोरी की वारदात सीसीटीवी में कैद
बालोतरा शहर में बुधवार रात चोरों ने पांच दुकानों पर धावा बोल दिया। इस दौरान चोर दुकानों के शटर तोड़कर वारदात को अंजाम देने में सफल रहे। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में क़ैद हो गई। रात में क़रीब पौने तीन बजे के वक्त तीन युवक दुकान के शटर पर लगा ताला तोड़ते दिखे। इसके बाद शटर को ऊपर करके दुकान के अंदर प्रवेश किया। हालांकि पुलिस को भनक लगते ही चोरों की तलाश के लिए नाकाबंदी कराई। लेकिन चोर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गए।
चोरों का नहीं लगा सुराग
रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने टीमें गठित कर रेलवे स्टेशन, बस स्टेण्ड पर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन चोरों का कोई सुराग़ नहीं लगा। स्थानीय लोगों ने बताया कि मेहनत की पूंजी को चोर ले उड़ते हैं तो पीड़ित परिवार दुखों का पहाड़ टूट पड़ता है। अब तो चोर पुलिस से भी नहीं डरते हैं।
चोरी की वारदातों से बचने के लिए बरतें सावधानी
चोरी की वारदातों ने लोगों के दिलों में डर बैठा दिया है। लेकिन सवाल है कि चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम कब लग पाएगी। इसके लिए आमजन को सक्रिय होना पड़ेगा। साथ ही जागरुकता जैसे अभियान चलाकर लोगों को चेताया जा सकता है। परिवार सहित घर से बाहर जाते समय पड़ौसी को सूचित करके जाएं। साथ ही रिश्तेदार को घर में छोड़के बाहर निकलें। इससे घर की सुरक्षा तो रहेगी। साथ ही सूने मकान को लेकर आप चिंता से मुक्त रह सकेंगे।
Comments
Post a Comment