इंग्लैंड से शर्मनाक हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान बोले- धोनी से बेहतर विकेटकीपर हैं जोस बटलर
जोस बटलर की शतकीय पारी से इंग्लैंड ने किया ऑस्ट्रेलिया का सूपड़ा साफ (PIC : REUTERS)
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के कप्तान टिम पेन ने जोस बटलर को सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर बल्लेबाज बताया है.
नई दिल्ली: लंबे समय से महेन्द्र सिंह धोनी को एकदिवसीय क्रिकेट में दुनिया का सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर बल्लेबाज माना जाता है, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान टिम पेन का मानना है कि इंग्लैंड के जोस बटलर मौजूदा समय में पूर्व भारतीय कप्तान से आगे निकल गए हैं. बता दें कि जोस बटलर अभी शानदार फॉर्म में है और उन्होंने वनडे सीरीज में ऑस्ट्रेलिया पर इंग्लैंड की 5-0 की जीत में अहम भूमिका निभाई है. सीरीज के के पांचवें मैच को उन्होंने अकेले दम पर नाबाद 110 रन की पारी खेलकर इंग्लैंड को जीत दिलाई.
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के कप्तान टिम पेन ने जोस बटलर को सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर बल्लेबाज बताया है. 5वें वनडे मैच में शतकीय पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाने वाले जोस बटलर की ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने जमकर तारीफ की और कहा कि वो इस वक्त महेंद्र सिंह धोनी से भी बड़े विकेटकीपर बल्लेबाज हैं.
जोस बटलर ने इस सीरीज में शतकीय पारी के अलावा नाबाद 91 और नाबाद 54 रन की पारियों के बूते 275 रन बनाए. कप्तान टिम पेन खुद भी विकेटकीपर है और बटलर के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘वह अच्छा है, मौजूदा समय में बहुत अच्छा है. वह एकदिवसीय में दुनिया का सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर बल्लेबाज है. मुझे नहीं लगता है कि दुनिया में उसके स्तर का कोई दूसरा विकेटकीपर बल्लेबाज है.’’
Comments
Post a Comment