प्रेम-प्रसंग मामले में पंचों ने वसूले 10.51 लाख रुपए, समाज से बाहर कर मांग रहे और पांच लाख
भीलवाड़ा। समाज की ही युवती से प्रेम-प्रसंग के चलते एक युवक व उसके परिवार को समाज के पंचों ने बहिष्कृत कर दंड स्वरुप 51 हजार रुपए ले लिए और दस लाख रुपए युवती के पिता को दिलवा दिये। इसके बावजूद पांच लाख रुपए की और मांग कर दुबारा समाज से बाहर कर दिया। ऐसे में युवक के परिवार की बहन-बेटियों की शादियां तक नहीं हो पा रही है। इस परिवार ने न्याय के लिए आज एक बार फिर एसपी के प्रतिनिधि को रिपोर्ट दी, जिसे सुभाषनगर थाने भिजवा दिया गया।।
सुभाषनगर कच्ची बस्ती निवासी नारायणलाल सांसी ने बताया कि उसका समाज की ही युवती से प्रेम-प्रसंग था। वह युवती को भगा ले गया था। दोनों की गौत्र एक ही होने से समाज ने इस रिश्ते को गलत ठहराते हुए नारायण व उसके परिवार को समाज से बहिष्कृत कर दिया। इसके चलते एक साल तक इस परिवार के समाज के कार्यक्रमों व भोजन व्यवहार पर पाबंदी लगा दी गई। परिवादी व उसका परिवार 51 हजार रुपए बतौर दंड पंचों को देकर समाज में शामिल हुआ। वहीं पंचों ने 10 लाख रुपए युवती के पिता को परिवादी से दिलवाये थे। इसके बावजूद समाज के पदाधिकारियों ने पांच लाख रुपए की बतौर दंड मांग करते हुए परिवार को पुन: समाज से बहिष्कृत कर दिया। ये लोग परिवादी पर रुपए प्राप्त करने के लिए दबाव डाल रहे हैं। नारायण आज अपने परिवार सहित एसपी को रिपोर्ट देने पहुंचा, लेकिन एसपी के बाहर होने से प्रतिनिधि ने रिपोर्ट को सुभाषनगर थाने भिजवा दिया। नारायण का कहना है कि उसने पूर्व में भी एसपी व सुभाषनगर पुलिस को रिपोर्ट दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है।
Comments
Post a Comment